झारखंड को 3 नये एयरपोर्ट की मिलेगी सौगात
- झारखंड को 3 नये एयरपोर्ट के तोहफों के रूप में राँची और देवघर के अलावा अब पूर्वी सिंहभूम के धालभूमगढ़ एयरपोर्ट के अलावा बोकारो और दुमका में भी एयरपोर्ट की सुविधा मिलेगी।
- इस तरह से राज्य में कुल पाँच एयरपोर्ट हो जाएंगे।
- ‘उड़ान’ योजना के तहत बोकारो एयरपोर्ट से पहली फ्लाइट कोलकाता के लिये शुरू होगी।
झारखंड में बच्चे को गोद लेने के लिये सिविल सर्जन से लेनी होगी मंज़ूरी
- राज्य दत्तक ग्रहण नियमावली-2022 के नियम-37 के अनुसार, ज़िला अस्पताल प्रबंधन की ओर से प्रमाण-पत्र निर्गत करना अनिवार्य किया गया है, जिसमे अब बच्चे को गोद लेने के लिये सामाजिक संस्था और लोगों को सिविल सर्जन से अनुमति लेनी होगी।
कोडरमा व चतरा में खुलेगा रिजनल ड्राइविंग ट्रेनिंग सेंटर
- झारखंड के दो ज़िलों कोडरमा व चतरा में परिवहन विभाग द्वारा क्षेत्रीय ड्राइविंग ट्रेनिंग सेंटर खोला जाएगा
- क्षेत्रीय ड्राइविंग ट्रेनिंग सेंटर खोलने के लिये कोडरमा में जयनगर व चंदवारा के करौंजिया में दो जगहों पर ज़मीन चिह्नित की गई है।
- वर्तमान में झारखंड के सिर्फ धनबाद ज़िले में हैवी व्हीकल मोटर ड्राइविंग ट्रेनिंग सेंटर सरकारी तौर पर संचालित है।
- हैवी व्हीकल का लाइसेंस के लिये आवेदन करने वालों का धनबाद में ही ट्रायल लिया जाता है। इसके बाद लाइसेंस जारी किया जाता है।
जमशेदपुर ‘नेशनल क्लीन एयर प्रोग्राम’ में शामिल
- स्वच्छ भारत अभियान के तहत पर्यावरण से जुड़े ‘नेशनल क्लीन एयर प्रोग्राम’ में जमशेदपुर को भी शामिल किया गया है।
- इसके अलावा राज्य से राँची और धनबाद भी इसमें शामिल हैं।
DVC लगायेगा 2200 मेगावाट क्षमता का सौर ऊर्जा प्लांट
- झारखंड में दामोदर वैली कारपोरेशन (डीवीसी) अपने कमांड एरिया में 2200 मेगावाट क्षमता का सौर ऊर्जा प्लांट लगाएगा।
- मैथन, तिलैया और पंचेत डैम में 600-600 मेगावाट की क्षमता का फ्लोटिंग सोलर पावर प्लांट लगाया जाएगा।
- इसके अलावा, कोनार डैम में 200 मेगावाट क्षमता का प्लांट लगेगा।
- वहीं, 200 मेगावाट का सोलर प्लांट फील्ड में लगाया जाएगा।
- लुगुबुरु में हाइडल प्लांट लगाने को लेकर अध्ययन किया गया है।
झारखंड के किसानों के लिये बनेगा ‘चेंबर ऑफ फॉर्मर्स’
- धनबाद ज़िले के किसानों के लिये ‘चेंबर ऑफ फॉर्मर्स’ बनाया जाएगा।
- धनबाद में ‘वन डिस्ट्रिक्ट, वन प्रोडक्ट’ के तहत इस वर्ष मोटे अनाज के उत्पाद एवं मार्केटिंग पर फोकस होगा, जिसके लिये चेंबर ऑफ फॉर्मर्स का गठन किया जाएगा।
- राज्य सरकार ने चेंबर ऑफ फॉर्मर्स के संबंध में संकल्प भी जारी कर दिया है, जिसके लिये 210 लाख रुपए अनुदान के रूप में स्वीकृत भी किया गया
श्री सम्मेद शिखरजी को ईको टूरिज़्म ज़ोन एवं पर्यटन से हटाया गया
- 5 जनवरी, 2023 को केंद्रीय पर्यावरण मंत्रालय ने झारखंड के गिरिडीह ज़िले में स्थित श्री सम्मेद शिखरजी पर्वत क्षेत्र से जुड़े पर्यावरण की दृष्टि से संवेदनशील क्षेत्र को अधिसूचना की धारा 3 के प्रावधानों और अन्य सभी पर्यटन और ईको-पर्यटन गतिविधियों को लागू करने पर तत्काल रोक रोक लगा दी है।
- पारसनाथ अभयारण्य की स्थापना तत्कालीन बिहार सरकार द्वारा 1984 में वन्यजीव संरक्षण कानून, 1972 के प्रावधानों के तहत की गई थी, जबकि पर्यावरण की दृष्टि से संवेदनशील क्षेत्र (ईएसजैड) को पर्यावरण (संरक्षण) कानून, 1986 के प्रावधानों के तहत भारत सरकार ने झारखंड की सरकार के साथ परामर्श से 2019 में अधिसूचित किया था।
जमशेदपुर पुलिस ने क्यूआर कोड आधारित बीट सिस्टम अपनाया
- 6 जनवरी, 2023 को पूर्वी सिंहभूम ज़िले के जमशेदपुर के साकची स्थित कंपोजिट कंट्रोल रूम (सीसीआर) में क्यूआर कोड स्कैनिंग सिस्टम के जरिये स्मार्ट पुलिसिंग का शुभारंभ किया।
- जमशेदपुर शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में फैले 1500 से अधिक बीट पॉइंट्स ने क्यूआर कोड-आधारित ई-बीट सिस्टम को अपनाया है।
- नई प्रणाली के शुभारंभ के दौरान एसएसपी प्रभात कुमार ने बताया कि शुरुआत में साकची में 27 क्यूआर और बिस्टुपुर में 30 क्यूआर कोड लगाए गए हैं।
राष्ट्रपति ने कोडरमा ज़िला प्रशासन को दिया डिजिटल इंडिया अवार्ड
- 7 जनवरी, 2023 को नयी दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित कार्यक्रम में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने ग्रास रूट लेवल पर आम लोगों खासकर युवाओं को कंप्यूटर की जानकारी उपलब्ध करवाने को लेकर किये गए बेहतर कार्य के लिये झारखंड के कोडरमा ज़िला प्रशासन को डिजिटल इंडिया अवार्ड से सम्मानित किया गया।
- डीसी आदित्य रंजन की पहल पर पाँच सितंबर, 2021 को समाहरणालय परिसर में ज़िले का पहला डीईजीएस कंप्यूटर बेसिक ट्रेनिंग सेंटर की शुरुआत हुई थी।
80 उत्कृष्ट विद्यालयों में सीबीएसई की तर्ज पर शिक्षा देने की तैयारी पूर्ण
- 10 जनवरी, 2023 को झारखंड जनसंपर्क विभाग द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के निर्देश पर राज्य में शुरू होने वाले 80 उत्कृष्ट विद्यालयों में सीबीएससी की तर्ज पर शैक्षणिक सत्र 2023-24 से पढ़ाई शुरू कर दी जाएगी। इसके लिये झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद ने तैयारी पूर्ण कर ली है।
टुसू महोत्सव
- टुसू पर्व झारखंड के प्रमुख पर्व में से एक है, जो झारखंडी सभ्यता के अनुसार साल का अंतिम पर्व है।
- इसी दिन से सूर्य कर्क रेखा की ओर लौटने के क्रम में मकर रेखा पर होता है, जिसे झारखंडी संस्कृति में कृषि नव वर्ष अखाइन जतरा के रूप में मनाया जाता है।
भारत से चयनित 6 विद्यालयों में झारखंड से एकमात्र DPS बोकारो को मिला 7 स्टार रेटिंग अवार्ड
- 11 जनवरी, 2023 को नई दिल्ली में सेंटर फॉर एजुकेशनल डेवलपमेंट (सीईडी) फाउंडेशन ट्रस्ट की ओर से कौशल शिक्षा एवं सतत् विकास विषय पर आयोजित आठवें सम्मेलन के दौरान दिल्ली पब्लिक स्कूल बोकारो को 7 स्टार रेटिंग स्कूल अवॉर्ड 2022 मिला है।
- दिल्ली पब्लिक स्कूल को ग्रीन स्कूल इनीशिएटिव की विशेष कैटेगरी में सेवन स्टार रेटिंग और ए- ट्रिपल प्लस की ग्रेडिंग मिली।
रामगढ़ इंजीनियरिंग कॉलेज में होगा अंतर्राष्ट्रीय सम्मेलन
- 11 जनवरी, 2023 को झारखंड के रामगढ़ इंजीनियरिंग कॉलेज में टेक्नो इंडिया झारखंड परियोजना के उप निदेशक विष्णु चटोपाध्याय ने बताया कि राज्य के इस कॉलेज में उन्नत अनुकूलन तकनीकों और अनुप्रयोगों पर अंतर्राष्ट्रीय सम्मेलन-2023 का आयोजन किया जाएगा।
राँची मौसम केंद्र भारत का सर्वश्रेष्ठ मौसम केंद्र घोषित
- 15 जनवरी, 2023 को नई दिल्ली के मौसम भवन के ‘वृष्टि सभागार’ में भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के 148वें स्थापना दिवस पर आयोजित समारोह में राँची मौसम केंद्र को भारत का सर्वश्रेष्ठ मौसम केंद्र घोषित किया गया है।
गुमला ज़िले में झारखंड का पहला ‘बर्तन बैंक’ खुला
- 16 जनवरी, 2023 को झारखंड के गुमला ज़िले के डीसी सुशांत गौरव और गुमला नगर परिषद अध्यक्ष दीप नारायण उरांव ने शहर में झारखंड के पहले बर्तन बैंक का उद्घाटन किया। सिंगल यूज प्लास्टिक के खिलाफ एक कदम आगे बढ़ाते हुए गुमला नगर परिषद ने यह पहल की है।
ऐन्युअल स्टेटस ऑफ एजुकेशन रिपोर्ट (असर) 2022
- 18 जनवरी 2023 को जारी ऐन्युअल स्टेटस ऑफ एजुकेशन रिपोर्ट (असर) 2022 के अनुसार झारखंड के ग्रामीण क्षेत्रों में सरकारी विद्यालयों में बच्चों का नामांकन बढ़ रहा है।
- ग्रामीण क्षेत्र के विद्यालयों में कक्षा 8 तक में नामांकित कुल बच्चों में से 3 फीसदी सरकारी विद्यालयों में पढ़ते हैं।
- असर 2022 की रिपोर्ट के अनुसार ग्रामीण इलाकों में निजी विद्यालयों में मात्र 14.6 फीसदी बच्चे ही पढ़ते हैं।
अरविंद वर्णवाल ने केदारकांठा पर्वत की 12050 फीट ऊँची चोटी पर फहराया तिरंगा
- झारखंड के जामताड़ा के अरविंद वर्णवाल ने उत्तराखंड के उत्तरकाशी ज़िले में स्थित हिमालय पर्वत श्रृंखला के केदारकांठा पर्वत की 12050 फीट की ऊँचाई पर गणतंत्र दिवस के पूर्व तिरंगा फहराकर देश को गौरवान्वित किया है।
जल संरक्षण योजना
- 21 जनवरी, 2023 को झारखंड के कृषि मंत्री बादल पत्रलेख ने राज्य के सूखे का सामना कर रहे किसानों को लाभ पहुँचाने के लिये 32 करोड़ रुपए के परिव्यय के साथ ‘जल संरक्षण योजना’की शुरूआत की।
- ‘जल संरक्षण योजना’के तहत राज्य के 24 ज़िलों के सभी ब्लॉकों में 2,133 तालाबों का नवीनीकरण और 2,795 परकोलेशन टैंकों का निर्माण किया जाएगा।
- इस अवसर पर कृषि मंत्री बादल पत्रलेख ने 71 तालाबों और 184 परकोलेशन टैंकों के नवीनीकरण कार्य की भी आधारशिला रखी।
झारखंड में मोटे अनाज की खेती को मिलेगा बढ़ावा
- 26 जनवरी, 2023 को झारखंड कृषि विभाग ने भारत सरकार के आदेश के आलोक में मोटे अनाज (मिलेट्स) को भी बढ़ावा देने का निर्णय लिया है।
- इसके लिये अब झारखंड कृषि विभाग की इकाई समिति ने 10 करोड़ रुपए की योजना बनाई है।
मुख्यमंत्री ने स्वतंत्रता सेनानियों की आश्रितों को किया सम्मानित
- 26 जनवरी, 2023 को झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने 74वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर दुमका में आयोजित समारोह में तीन स्वतंत्रता सेनानियों की आश्रित पत्नियों को सम्मानित किया।
- स्वतंत्रता सेनानी स्व. धनेश्वर मंडल की पत्नी चंद्रावती देवी (ग्राम- बंदरी, प्रखंड- सरैयाहाट, ज़िला- दुमका)
- स्व. पतरू राय की पत्नी परवतिया देवी (ग्राम- परसदाहा, प्रखंड- सरैयाहाट, ज़िला- दुमका)
- स्व. दशरथ राय की पत्नी सरोतिया देवी (ग्राम डेलीपाथर, प्रखंड- रामगढ़, ज़िला- दुमका)
- मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर गणतंत्र दिवस परेड में हिस्सा लेने वाली एसएसबी 35 बटालियन और झाँकियों में सूचना एवं जनसंपर्क विभाग की झाँकी को प्रथम पुरस्कार से नवाजा।
- इसके अलावा बेहतर कार्य करने वाले पदाधिकारियों और कर्मियों को भी सम्मानित किया गया।
- पुरस्कृत होने वाली परेड टुकड़ी:
- प्रथम पुरस्कार – एसएसबी 35 बटालियन
- द्वितीय पुरस्कार – आईआरबी- 1 जामताड़ा
- तृतीय पुरस्कार – एनसीसी, दुमका
- इन विभागों की झाँकियों को मिला पुरस्कार:
- प्रथम पुरस्कार – ज़िला सूचना एवं जनसंपर्क विभाग, दुमका
- द्वितीय पुस्कार – ज़िला उद्योग विभाग
- तृतीय पुरस्कार – ज़िला ग्रामीण विकास अभिकरण एवं वन विभाग
1932 के खतियान आधारित स्थानीय नीति विधेयक, 2022’ को राज्यपाल ने वापस लौटाया
- 29 जनवरी, 2023 को झारखंड की हेमंत सोरेन सरकार की ओर से पारित 1932 के खतियान आधारित स्थानीय नीति से संबंधित ‘झारखंड स्थानीय व्यक्तियों की परिभाषा और परिणामी सामाजिक, सांस्कृतिक और अन्य लाभों को ऐसे स्थानीय व्यक्तियों तक विस्तारित करने के लिये विधेयक, 2022’ को राज्यपाल रमेश बैस ने समीक्षा के लिये वापस लौटा दिया है।
धनबाद के धनेश्वर ने जीता स्ट्रांग मैन ओपन पावर लिफ्टिंग पुरस्कार
- 29 जनवरी, 2023 को चौथे ओपन कोयलांचल क्लासिक महिला एवं पुरुष पावर लिफ्टिंग एवं बॉडी बिल्डिंग चैंपियनशिप का समापन हुआ, जिसमें धनबाद के धनेश्वर ने स्ट्रांग मैन ओपन पावर लिफ्टिंग पुरस्कार जीता।